![]()
पलामू जिले के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र में फुफेरे भाई ने अपनी ममेरी बहन की टांगी से काट कर हत्या कर दी। इसके बाद उसने घर से दो किमी दूर ट्रेन से कट कर जान दे दी। यह घटना बखारी स्थित रेलवे लाइन और पिपरडीह गांव में हुई है। घटना का खुलासा तब हुआ जब पुलिस को बखारी स्थित रेलवे लाइन से एक युवक का शव बरामद हुआ। इसके बाद जांच के क्रम में रेलवे लाइन से कुछ ही दूरी पर स्थित पिपरडीह गांव में युवक के घर के एक कमरे में बिस्तर पर नाबालिग लड़की का खून से लथपथ शव मिला। लड़की की हत्या बेहद निर्ममता से की गई थी। घटना की जांच के क्रम में सदर थाना पुलिस ने दोनों स्थानों का मुआयना कर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया। एक सप्ताह पहले युवक के घर लाई गई थी किशोरी मृतक युवक की पहचान पिपरडीह निवासी 23 वर्षीय बिट्टू कुमार सिंह के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम स्वर्गीय शिव शंकर कुमार सिंह है। वहीं मृतका की पहचान 16 वर्षीय खुशबू कुमारी के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम दीपक सिंह है। वह लातेहार जिले के बरवाडीह थाना क्षेत्र के डोरामी गांव की रहने वाली थी। बताया गया कि बिट्टू, खुशबू का बुआ का बेटा था। जानकारी के अनुसार, बिट्टू और उसके परिवार ने खुशबू को करीब एक सप्ताह पहले काम करने के लिए अपने घर बुलाया था। पूरी वारदात देर रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। लड़की की मौत की सूचना पुलिस को सुबह करीब 3 बजे मिली प्रेम संबंध में हत्या और सुसाइड की आशंका सदर थाना प्रभारी लालजी के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला प्रेम संबंध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि हत्या और आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है। युवक ग्रेजुएशन का छात्र बताया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

