
Summer Special Trains: गर्मी की छुट्टियों का आगाज होते ही अगर आप भी ट्रेन में कंफर्म टिकट के लिए मारामारी कर रहे हैं, तो रेलवे ने आपके लिए खुशियों का सिग्नल दे दिया है. यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने आज यानी 13 अप्रैल से किऊल और मालदा टाउन के बीच ‘मेमू पैसेंजर स्पेशल’ ट्रेन चलाने का बड़ा फैसला किया है.
यह ट्रेन 30 अप्रैल तक हर रोज पटरी पर दौड़ेगी और कुल 18 ट्रिप लगाएगी. सबसे खास बात यह है कि इस ट्रेन के चलने से भागलपुर और जमालपुर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों के यात्रियों को अब वेटिंग लिस्ट से छुटकारा मिल जाएगा.
इन 8 स्टेशनों पर होगा ठहराव
रेलवे ने इस समर स्पेशल ट्रेन का रूट इस तरह तैयार किया है कि बिहार और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों के यात्रियों को सीधा फायदा मिले. किऊल-मालदा मेमू स्पेशल ट्रेन (03204/03203) अपने सफर के दौरान न्यू फरक्का, बरहरवा, साहिबगंज, कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर और अभयपुर स्टेशनों पर रुकेगी.
स्कूलों की छुट्टियां शुरू होते ही हिल स्टेशनों और रिश्तेदारों के घर जाने वाले परिवारों के लिए यह ट्रेन किसी वरदान से कम नहीं है.
टाइम टेबल नोट कर लें
सफर की योजना बनाने से पहले समय का ध्यान रखना जरूरी है. ट्रेन संख्या 03204 किऊल से रोजाना सुबह 6:10 बजे खुलेगी और दोपहर 3:00 बजे मालदा टाउन पहुंच जाएगी.वापसी में ट्रेन संख्या 03203 मालदा टाउन से शाम 4:00 बजे रवाना होकर रात 1:00 बजे किऊल पहुंचेगी.
मेमू रैक होने के कारण इसमें सफर करना आरामदायक और किफायती भी होगा. इसके अलावा रेलवे ने कोलकाता-भुवनेश्वर और आसनसोल-पटना जैसे रूटों पर भी समर स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है.
टिकट बुकिंग पर बड़ी राहत
पूर्व रेलवे के अधिकारियों के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों के संचालन से नियमित ट्रेनों जैसे विक्रमशिला या इंटरसिटी एक्सप्रेस पर दबाव काफी कम हो जाएगा. रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इन ट्रेनों के लिए टिकट बुकिंग की प्रक्रिया शुरू की जा रही है.
रेल प्रशासन का यह कदम न केवल यात्रियों को कंफर्म सीट दिलाएगा बल्कि स्टेशनों पर होने वाली आपाधापी को भी नियंत्रित करेगा.
Also Read: बिहार के बस संचालकों के लिए गाइडलाइन जारी, मनमाने वसूली पर लगेगी ब्रेक
The post किऊल-मालदा मेमू स्पेशल आज से शुरू, भागलपुर समेत इन 8 स्टेशनों में स्टॉपेज appeared first on Prabhat Khabar.


