![]()
पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बभंडी गांव में लेनदेन के विवाद में गोलीबारी हुई। इस घटना में एक 12 वर्षीय बच्चे को गोली लग गई। बच्चे को इलाज के लिए एमएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की सूचना मिलते ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घायल बच्चे की पहचान सोनपुरवा निवासी विवेक कुमार (12 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सरयू पासवान का पुत्र हैं। बच्चे के पैर में गोली लगी है। जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6 बजे सोनपुरवा निवासी अरुण शर्मा और सिंकु दुबे के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो रहा था। इस विवाद को देखने के लिए वहां भीड़ जमा हो गई थी। अचानक अरुण शर्मा ने सिंकु दुबे पर गोली चलाई, लेकिन गोली सिंकु को न लगकर पास खड़े विवेक कुमार के पैर में जा लगी। गोली लगने के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। बच्चे को तुरंत इलाज के लिए एमएमसीएच ले जाया गया। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों से घटना के संबंध में पूरी जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, अरुण शर्मा और सिंकु दुबे मनबढ़ू किस्म के युवक हैं और अक्सर विवाद करते रहते हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और हथियार बरामद करने का भी प्रयास किया जा रहा है।

