![]()
देवघर जिले के मधुपुर अनुमंडल में मोबाइल झपट्टामार गिरोह के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। मधुपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के सक्रिय सदस्य शहजाद शेख (25) को लालगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी का एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसे उसने हाल ही में एक राहगीर से छीना था। पुलिस के अनुसार, शहजाद शेख लंबे समय से इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। गुप्त सूचना के आधार पर मधुपुर पुलिस ने छापेमारी कर उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई, जिसमें उसने कई वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। बताया जाता है कि आरोपी तेज गति से बाइक चलाकर सुनसान या भीड़भाड़ वाले इलाकों में राहगीरों को निशाना बनाता था। वह विशेष रूप से महिला राहगीरों को अपना आसान शिकार समझता था और उनके हाथ से मोबाइल फोन झपट कर मौके से फरार हो जाता था। उसकी इस हरकत से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसका मेडिकल जांच कराया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब उससे जुड़े अन्य गिरोह के सदस्यों और संभावित सहयोगियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। मधुपुर पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
