![]()
गुमला जिले के बसिया थाना क्षेत्र में एक नदी में नहाने गईं पांच युवतियों में से दो चचेरी बहनों की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों की मदद से तीन अन्य युवतियों को सुरक्षित बचा लिया गया। मृतकों की पहचान सनीचर टोली निवासी 18 वर्षीय काजल कुमारी और उसकी चचेरी बहन 18 वर्षीय दीपिका कुमारी उर्फ दीपशिखा के रूप में हुई है। यह घटना गुरुवार को तब हुई, जब गांव की पांच युवतियां चुटिया नदी में नहाने गई थीं। नहाने के दौरान वे सभी गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। युवतियों को डूबता देख वहां अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने शोर सुनकर तुरंत पानी में कूदकर तीन युवतियों को बचा लिया, लेकिन दो चचेरी बहनों को नहीं बचाया जा सका। घटना की सूचना मिलने पर बसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

