![]()
गिरिडीह जिले के पचंबा स्थित जरिडीह में शुक्रवार को एक इंजीनियरिंग कॉलेज का शिलान्यास किया गया। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की इस पहल के तहत यह कॉलेज लगभग 35 एकड़ भूमि पर करोड़ों रुपये की लागत से बनेगा। शिलान्यास कार्यक्रम में राज्य के मंत्री सुदिव्य सोनू और गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन मुख्य रूप से उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से भूमिपूजन कर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण व आमजन मौजूद थे। मंत्री सुदिव्य सोनू ने अपने संबोधन में कहा कि यह इंजीनियरिंग कॉलेज गिरिडीह और आसपास के क्षेत्रों के छात्रों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे छात्रों को उच्च तकनीकी शिक्षा के लिए अन्य राज्यों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कर रही है। मंत्री ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में गिरिडीह को कई सौगातें मिली हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में पचंबा क्षेत्र एक “एजुकेशन हब” के रूप में विकसित होगा। विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य झारखंड के हर बच्चे का भविष्य उज्ज्वल बनाना है। उन्होंने विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे बड़े बदलावों पर जोर दिया। उन्होंने ‘गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना’ का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके माध्यम से छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता मिलेगी। कल्पना सोरेन ने यह भी बताया कि राज्य सरकार गरीब और प्रतिभाशाली छात्रों को विदेश में पढ़ाई का अवसर दे रही है, जिसमें वर्तमान में 100 से अधिक छात्र शामिल हैं और उनका पूरा खर्च सरकार वहन कर रही है। विधायक ने कहा कि जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज बनने से न केवल शिक्षा का स्तर ऊंचा होगा, बल्कि रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। स्थानीय स्तर पर तकनीकी शिक्षा उपलब्ध होने से युवाओं का भविष्य संवरने के साथ-साथ क्षेत्र का समग्र विकास भी होगा। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने और उम्मीद जताई कि यह संस्थान आने वाले समय में गिरिडीह को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा।

