![]()
गुमला जिले के सदर थाना क्षेत्र में रविवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। सीलम ढलान के पास हुए इस दुर्घटना में ऑटो सवार आधा दर्जन लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पूरी तरह से असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। मेहमानी में जा रहे थे सभी लोग घायलों ने बताया कि वे कोडरा से एक ऑटो में सवार होकर मेहमानी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सीलम ढलान के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने उनके ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में 35 वर्षीय सरस्वती देवी, 21 वर्षीय सुष्मिता बड़ाइक, 30 वर्षीय गीतांजलि देवी, 11 वर्षीय भावेश बड़ाइक, ऑटो चालक 19 वर्षीय जीशान और सूंगाकाटा निवासी दशरथ नगेसिया घायल हो गए। दुर्घटना के बाद सभी घायलों की हालत देखकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। सदर अस्पताल में इलाज जारी स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. पीसी के भगत की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फरार बोलेरो चालक की तलाश की जा रही है।
