![]()
पुलिस महानिरीक्षक विवेकानंद कुमार ने अररिया जिले के नरपतगंज थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अपराध और अनुसंधान से संबंधित सभी अभिलेखों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान आईजी ने पाया कि कई मामलों का अनुसंधान संतोषजनक नहीं है। विशेष और सामान्य श्रेणी के कई मामले अभी भी लंबित हैं, जिनमें सुधार की आवश्यकता है। आईजी ने वर्ष 2014 से लंबित सभी पुराने मामलों का शीघ्र अनुसंधान कर निष्पादन सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने सीडीपीओ और पुलिस निरीक्षक को भी अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने तथा लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के कड़े निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, आईजी ने बढ़ते नशा कारोबार पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी द्वारा इस दिशा में लगातार कार्रवाई की जा रही है। जहां कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया, वहां जिम्मेदार लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की गई है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसी ही सख्त कार्रवाई जारी रखने पर जोर दिया। इस अवसर पर अररिया एसपी जितेंद्र कुमार, फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार शाह, नरपतगंज थाना प्रभारी संजय कुमार और रानीगंज सर्किल इंस्पेक्टर सतीश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व बल मौजूद थे।

