बोकारो | सेक्टर-4एफ स्थित सूर्य मंदिर में हुई दानपेटी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दो अक्टूबर को तीन अपराधियों ने मंदिर से दान पेटी चोरी कर ली थी। इस संबंध में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। मामले को लेकर सेक्टर-4 थाने में 3 अक्टूबर को कांड संख्या 71/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में सेक्टर-4जी झोपड़ी कृष्णा कुमार विकास कुमार और रोहित कुमार को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी कृष्णा कुमार को दबोचा। उसकी निशानदेही पर विभिन्न मंदिर से चोरी की गई दो दान पेटियां भी बरामद की गई। हालांकि, छापेमारी के दौरान विकास कुमार और रोहित कुमार अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
