![]()
सहरसा के सदर थाना क्षेत्र में दसवीं कक्षा की छात्रा ने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के बलथी वार्ड नंबर 3 निवासी राजेश कुमार की बेटी अनुप्रिया कुमारी(14) के रूप में हुई है। अनुप्रिया अपनी दो बहनों में सबसे छोटी थी और उसके पिता सरकारी शिक्षक हैं। दुपट्टे से फंदा लगाकर दी जान मृतका के पिता ने बताया कि उनका सहरसा में कोर्ट में एक केस की तारीख थी, जिसके लिए वे शहर आए थे। उनकी बेटी सहरसा नगर निगम के कहरा स्थित सुचिता झा के दो मंजिला मकान में किराए पर रहती थी। अनुप्रिया ने अपने कमरे को अंदर से बंद कर दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। पिता ने तत्काल सहरसा सदर थाने को फोन पर सूचना दी। सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम ने भी घटनास्थल की जांच की है। प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।


