![]()
किशनगंज जिले में एक पति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पोठिया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति कुंदन मरांडी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना पोठिया थाना क्षेत्र के हाई स्कूल के पास घटित हुई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 43 वर्षीय कुंदन मरांडी उर्फ कनदन मरांडी के रूप में हुई है, जो पोठिया हाई स्कूल निवासी जोलहा मरांडी का पुत्र है। पुलिस ने यह कार्रवाई पोठिया थाना कांड संख्या 155/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के अंतर्गत दर्ज मामले में की है। निवास स्थान के समीप से गिरफ्तार कर लिया
मामला दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर कुंदन मरांडी को उसके निवास स्थान के समीप से गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार शाम को आरोपी पति के मेडिकल जांच उपरांत उसे जेल भेज दिया गया है। पोठिया थानाध्यक्ष अंजय अमन ने बताया कि सोमवार को यह हत्या हुई थी। मृतका के परिजनों ने थाने में मामला दर्ज कराया था। आरोपी पति ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि उसने अपनी पत्नी ललिता सोरेन की पीट-पीटकर हत्या की है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण आपसी विवाद सामने आया है। माता-पिता के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे
मृतका के बच्चों ने पुलिस को बताया कि उनके माता-पिता के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त से आवश्यक पूछताछ की गई है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस मामले के अन्य पहलुओं की भी बारीकी से जांच कर रही है ताकि न्याय सुनिश्चित किया जा सके।


