
– विवि के जारी निर्देश व नियमों के अनुपालन शत प्रतिशत को लेकर दिया बल कटिहार पीयू के अंतर्गत कई महाविद्यालयों में सीबीसीएस स्नातक पंचम सेमेस्टर दिसम्बर 2025 का इंटर्नशिप कराने को लेकर हो रही गड़बड़ी के मद्देनजर अब कटिहार में भी मामला सुलगने लगा है. बुधवार को एनएसयूआई के पूर्व जिलाध्यक्ष अमित पासवान के नेतृत्व में दर्जनों छात्र- छात्राओं ने केबी झा कॉलेज के प्राचार्य से मिलकर इस पर रोक लगाने की मांग की. एनएसयूआई के विशाल रमाणी, शुभम, रवि, नकूल, प्रकाश, अमित समेत अन्य ने भी प्राचार्य को मामले में सतर्कता बरतने की अपील की. खासकर विवि द्वारा जारी नियमों को शत प्रतिशत अनुपालन करने पर भी बल दिया. एनएसयूआई के पूर्व जिलाध्यक्ष अमित पासवान ने प्राचार्य को अवगत कराया कि चार अप्रैल 2026 को विवि के कुलसचिव की ओर से पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप कार्यक्रम को अनिवार्य कर दिया गया है. वि्रार्थियों के लिए चार क्रेडिट की अनिवार्य इंटर्नशिप के सम्बंध में निर्देश जारी किया गया है. पहली प्राथमिकता के रूप में विद्यार्थियों को आर्थिक मार से मुक्त रखने के लिए जिला प्रशासन, सरकारी विभागों के साथ एमओयू की संभावनाए प्राथमिकता के आधार पर तलाश करने की बात कही गयी. वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर वैध एनजीओ या वैध निजी संस्थाओं से एमओयू करने का निर्देश है. इंटर्नशिप वास्तविक एवं व्यवहारिक होनी चाहिए. इंटर्नशिप केवल उन्हीं संस्थाओं के माध्यम से कराये जाये जो पंजीकरण, संचालन एवं प्रमाणपत्र सहित न्यूनतम शुल्क लें. साथ ही जारी नियम के तहत विद्यार्थियों की स्वतंत्रता होगी. विद्यार्थी कॉलेज द्वारा अनुबंधित एजेंसी से इंटर्नशिप करने के लिए बाध्य नहीं होंगे. विवि द्वारा एमओयू की हुई एजेंसी या अन्य सरकारी पोर्टल, अन्य प्रतिष्ठित एवं वैध संस्था से महाविद्यालय प्राचार्य द्वारा एनओसी प्राप्त कर भी इंटर्नशिप कर सकते हैं. इसी तरह कई और नियम व निर्देश जारी किये गये हैं. विवि के जारी आदेश के अनुरूप ही कॉलेज प्राचार्य से कार्य करने की मांग की. मामले में केबी झा कॉलेज के प्राचार्य डॉ संजय कुमार सिंह ने आश्वस्त किया कि विवि द्वारा जारी निर्देश के अनुरूप ही इंटर्नशिप कराया जायेगा. पहले रजिस्ट्रेशन शांतिपूर्वक कराने को लेकर एनएसयूआई के नेताओं व कार्यकर्ताओं से सहयोग करने की अपील की. उन्हाेंने बताया कि 399 रूपये इंटर्नशिप के लिए छात्रों से लिये जा रहे हैं.
The post इंटर्नशिप कराने को लेकर हो रही गड़बड़ी के आशंका पर एनएसयूआई ने प्राचार्य को घेरा appeared first on Prabhat Khabar.


