![]()
कोडरमा रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर पर स्थित अधिकृत पार्किंग स्थल में गुरुवार देर रात करीब 2:30 बजे भीषण आग लग गई। घटना के समय पार्किंग क्षेत्र में आवाजाही बेहद कम थी। जिससे जान-माल का बड़ा नुकसान होने से बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग धीरे-धीरे फैलते हुए विकराल रूप लेने लगी थी। जिससे आसपास खड़े वाहनों और रेलवे के महत्वपूर्ण संसाधनों पर खतरा मंडराने लगा। हालांकि, रात का समय होने के कारण भीड़भाड़ नहीं थी। जिससे स्थिति को संभालने में कुछ राहत मिली। वार्ड पार्षद की सक्रियता से बड़ी घटना टली आग लगते ही स्थानीय वार्ड पार्षद मनीष चौधरी ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड और स्टेशन प्रबंधन को सूचना दी। दमकल टीम के पहुंचने से पहले उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। आग लगातार फैल रही थी। पार्किंग में खड़ी बसों, कारों के साथ-साथ रेलवे के केबल को नुकसान पहुंचाने का खतरा बढ़ता जा रहा था। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से आग को सीमित रखने का प्रयास किया गया, जिससे इसके फैलाव को काफी हद तक रोका जा सका। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। रात के समय ट्रैफिक कम होने के कारण दमकल वाहनों को स्टेशन परिसर तक पहुंचने में किसी तरह की बाधा नहीं आई। जिससे राहत कार्य तेजी से हो सका। स्टेशन प्रबंधक विकास कुमार ने बताया कि यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो यह घटना और भी भयावह रूप ले सकती थी। लाखों रुपए ये की संपत्ति को नुकसान हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, वहीं समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टलने पर सभी ने राहत की सांस ली है।

