![]()
जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान 7.5 लाख रुपए नकद, दो मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव में हुई। पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि साइबर अपराध से अर्जित राशि सोनबाद गांव निवासी प्रसन्नजीत दा के घर में रखी गई है। इस सूचना के सत्यापन के बाद कार्रवाई की योजना बनाई गई। साइबर थाना जामताड़ा के प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में पुलिस अवर निरीक्षक स्तर के अधिकारी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम ने प्रसन्नजीत दा के घर पर विधिवत छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से 7,50,000 रुपए नकद के साथ-साथ दो मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड जब्त किए गए। इस संबंध में जामताड़ा साइबर थाना में कांड संख्या 23/26, दिनांक 22 अप्रैल 2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसमें बीएनएस 2023 की धारा 318(4)/319(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(B), 66(C) और 66(D) लगाई गई हैं। पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक आरोपी फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

