
Dhanbad News: निरसा थाना क्षेत्र के जोगीतोपा गांव के पुराना टोला में गुरुवार को बाइक के धक्के से उसी गांव के वृद्ध गोलक डेडिया (70) की मौत हो गयी. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने गांव का रोड जाम कर दिया. बाइक पर चार युवक सवार थे. ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़ लिया है जबकि दो फरार हो गये. ग्रामीणों ने सुबह 10.30 बजे से 5.30 बजे पर रोड जाम रखा. वार्ता के बाद लोग शांत हुए.
मंदिर से अपने घर लौट रहे थे गोलक डेडिया
जोगीतोपा निवासी गोलक डेडिया मंदिर से पैदल अपने घर लौट रहे थे, तभी बाइक ने पीछे से धक्का मार दिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह बुरी तरह जख्मी हो गये. घटना के बाद ग्रामीण तत्काल उन्हें इलाज के लिए धनबाद लेकर जा रहे थे. रास्ते में उनकी मौत हो गयी. बाइक पर सवार चार युवक बेनागड़िया की तरफ जा रहे थे. घटना के बाद चारों युवक बाइक उठाकर भागने लगे. इस दौरान ग्रामीणों ने दो युवकों को बाइक समेत पकड़ लिया जबकि दो भाग गये.
रोड पर शव रख किया प्रदर्शन
ग्रामीणों ने शव को लाकर रोड पर रख दिया और रोड जाम कर दिया. सुबह 10.30 से शाम 5.30 बजे तक रोड जाम रहा. सूचना पाकर निरसा, गोविंदपुर तथा पूर्वी टुंडी थाना की पुलिस पहुंची और शाम छह बजे लोगों को समझा बुझा कर जाम हटाया. वार्ता में पकड़े गये युवकों के परिजनों ने मृतक के आश्रित 80 हजार रुपये तथा झामुमो नेता अरविंद मुर्मू ने एक लाख 20 हजार मुआवजा देने का आश्वासन दिया. इसके बाद जाम हटा.The post Dhanbad News: बाइक से धक्के से वृद्ध की मौत, रोड जाम, हंगामा appeared first on Prabhat Khabar.

