![]()
गोपालगंज में शुक्रवार की शाम 4 बजे दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने ज्वेलरी दुकान में घुसकर लूटपाट की। इस दौरान अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की। इसमें एक युवक को गोली लगी, जिसकी वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लूटपाट भोरे के लाला छापर बाजार स्थित दीपक वर्मा की ज्वेलरी शॉप में हुई है। 2 बाइक पर सवार होकर पांच अपराधी मौके पर पहुंचे थे। हथियार के बल पर लूटपाट कर मौके से फरार हो गए। घटना भोरे थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान डबलू मिश्रा के रूप में हुई है, जो सीसई गांव निवासी पंचानन मिश्रा का बेटा बताया जा रहा है। भागते समय युवक को मारी गोली प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम 4 बजे 5 बदमाश 2 बाइक पर सवार होकर दुकान के पास रूके। जैसे ही लोगों ने हंगामा शुरू किया। अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। लूटपाट करने के बाद जैसे ही अपराधी शॉप से निकले, ग्रामीणों ने उनका पीछा किया। जैसे ही ग्रामीणों ने एक अपराधी को पकड़ा, अपराधियों ने फिर से फायरिंग करनी शुरू कर दी। इसी दौरान मौके पर मौजूद एक युवक को गोली गई। गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों का हंगामा, पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और पुलिस नियंत्रण करने में विफल है। एक अपराधी पकड़ा गया भीड़ ने पीछा कर एक अपराधी को पकड़ लिया है। उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। वहीं अन्य अपराधियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ज्वेलरी दुकान में हुई लूट और युवक की हत्या दोनों मामलों की जांच कर रही है।

