![]()
धनबाद जिले के चिरकुण्डा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक संगठित चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी के आभूषण, नकदी, सिक्के, घटना में प्रयुक्त औजार और मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई 22 अप्रैल को लायकडीह डीप कोलियरी स्थित एक बंद क्वार्टर में हुई चोरी के मामले से जुड़ी है। अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया था और तीन अलमारियों व उनके लॉकर से स्वर्ण-रजत आभूषण, नकदी और सिक्के चुरा लिए थे। गृहस्वामी किशोर कुमार सिंह के आवेदन पर चिरकुण्डा थाना में कांड संख्या 83/2026 दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति बाइक से बंद क्वार्टरों की रेकी कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर 24/25 अप्रैल की रात पंचेत-चिरकुण्डा सीमावर्ती क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। तीनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली इसी दौरान एक पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन संतुलन बिगड़ने से गिर पड़े और पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी तलाशी के दौरान चोरी गए आभूषण, नकदी, सिक्के और ताला तोड़ने के औजार बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफताब अंसारी उर्फ पकडु, सद्दाम अंसारी और नसीम अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह धनबाद, बोकारो और पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में 40 से 50 चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। पुलिस फिलहाल तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

