Sunday, April 26, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

गुमला में शादी से लौट रहे वाहन का एक्सीडेंट:दो की मौके पर मौत, एक को रिम्स किया गया रेफर, अन्य को हल्की चोटें आईं


गुमला जिले के कामडरा प्रखंड अंतर्गत कुरकुरा थाना क्षेत्र में रविवार को सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वेतरकेरा मोड़ के समीप बारातियों से भरा वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वाहन में सवार लोग शादी समारोह से लौट रहे थे। तभी चालक ने नियंत्रण खो दिया और यह दुर्घटना हो गई। इस घटना में कई लोग घायल हुए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दो की मौके पर मौत, एक रिम्स रेफर हादसे में टाटी भंडार टोली निवासी 28 वर्षीय साहिल भेंगरा और 50 वर्षीय चंद्र महतो की मौत हो गई। कामडरा के चिकित्सक सुनील खलखो ने दोनों की मौत की पुष्टि की। वहीं, 30 वर्षीय सामुएल भेंगरा गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रांची के रिम्स अस्पताल रेफर किया गया है। वाहन में सवार अन्य लोगों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। परिजनों के अनुसार, सभी लोग योगेंद्र महतो के पुत्र तुच्छी महतो की शादी में शामिल होकर लचरा गढ़ से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए घटना की सूचना मिलते ही कुरकुरा थाना के एसआई संजय रजक मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है। थाना प्रभारी संजय मुंडा भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles