![]()
गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र के मठिया वार्ड 3 गांव में कटहल चोरी का विरोध करने पर एक युवक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक की पहचान खलील मंसूरी के बेटे अफरोज मंसूरी के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कटहल चोरी होते देख बदमाशों को रोकने गया था
घटना के संबंध में बताया गया है कि अफरोज मंसूरी अपने घर के बाहर लगे पेड़ से कटहल चोरी होते देख बदमाशों को रोकने गया था। युवक द्वारा विरोध किए जाने पर नामजद बदमाशों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर बदमाशों ने तैश में आकर अफरोज पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक के शरीर पर तीन वार किए, जिससे वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। चीख-पुकार सुनकर परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर हमलावर वहां से भाग निकले। युवक के सिर और पीठ के पास गहरे जख्म
परिजनों ने आनन-फानन में घायल अफरोज को मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, युवक के सिर और पीठ के पास गहरे जख्म हैं और उसकी स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की और पीड़ित परिवार के बयान पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की। दबिश देते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि इस घटना में शामिल अन्य सहयोगियों की तलाश में छापेमारी जारी है। इस घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है।

