Monday, April 27, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

सीवान में ट्रक की टक्कर से युवक की मौत:डेंटिस्ट के पास जा रहा था, 1 घायल; चालक फरार,सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस


सीवान के लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मदारपुर एनएच-331 पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के विलासपुर गांव निवासी लक्ष्मण सिंह के 20 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार सिंह अपने पड़ोसी और दोस्त रवि कुमार (19 वर्ष), पिता राजेश सिंह के साथ बाइक से मदारपुर की ओर जा रहे थे। पीछे बैठा रवि गंभीर रूप से घायल इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहे अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे रवि गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरे। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों की मदद की। घायल रवि कुमार को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। इलाज के लिए दोस्त के साथ जा रहा था मृतक के मामा ने बताया कि अभिषेक को पिछले कुछ दिनों से दांत में दर्द था, जिसके इलाज के लिए वह अपने दोस्त के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। परिजनों ने बताया कि टक्कर के बाद अभिषेक के शरीर पर ट्रक चढ़ गया, जिससे उसकी कमर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही लकड़ी नबीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों के आवेदन के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ट्रक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles