
मुख्य बातें
TMC-BJP Clash:कोलकाता/ भाटपारा. पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है. मतदान से दो दिन पहले जगद्दल में तनाव का माहौल है. तृणमूल और भाजपा के बीच झड़प को लेकर तनाव नोआपारा विधानसभा क्षेत्र के कई ईलाकों में फैल चुका है. नोआपारा से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह के घर पर हमले हुए हैं. ईंट-पत्थर फेंके गए और गोलीबारी भी हुई है. केंद्रीय बल का एक जवान घायल हो गया है. आरोप है कि तृणमूल समर्थित उपद्रवियों ने नोरापारा से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह के घर पर हमला किया. इस दौरान अर्जुन सिंह के सुरक्षा गार्ड, जो कि सीआईएसएफ का जवान है, को गोली लग गई. घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है. पुलिस ने इस मामले में तृणमूल पार्षद समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. चुनाव आयोग ने घटना की रिपोर्ट तलब की है.
जगद्दल के अत्चाला बागान में हुई पहली झड़प
जगद्दल में सोमवार सुबह से ही अफरा-तफरी मची हुई है. अशांति की शुरुआत कल रात हुई. जगद्दल के अत्चाला बागान में तृणमूल और भाजपा के बीच तीखी झड़प हुई. इसके बाद भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह के साथ जगद्दल से भाजपा उम्मीदवार राजेश कुमार तृणमूल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने पुलिस स्टेशन गए. भाजपा ने आरोप लगाया कि तृणमूल समर्थित उपद्रवियों ने उन पर हमला किया. इसके बाद स्थिति तुरंत ही बिगड़ गई. पुलिस स्टेशन के सामने तृणमूल और भाजपा के बीच झड़प और हाथापाई हुई. इसके साथ ही मारपीट भी हुई, एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंके गए. अर्जुन सिंह के घर के आसपास बड़े पैमाने पर झड़प हुई. स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए केंद्रीय बलों के जवान मौके पर पहुंचे. पुलिस ने भी स्थिति को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज किया.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पवन सिंह के घर भी हुए हमले और फायरिंग
इसके बाद तृणमूल पर भाटपारा से भाजपा उम्मीदवार पवन सिंह के घर पर हमले का आरोप लगा. आरोप है कि तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने अचानक उनके घर पर अंधाधुंध ईंटें फेंकनी शुरू कर दीं. उसी समय पवन की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ जवान योगेश शर्मा बाहर आए. आरोप है कि उन पर गोली चलाई गयी. उनके पैर में गोली लगी है. घायल जवान को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. बाद में उन्हें कोलकाता लाया गया. उन्हें बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. अशांति की घटना के तुरंत बाद पुलिस ने गिरफ्तारियां शुरू कर दीं. तृणमूल पार्षद समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस एक अन्य तृणमूल पार्षद की तलाश कर रही है. वे भाटपारा के उपाध्यक्ष की भी तलाश कर रहे हैं. केंद्रीय बल तलाशी अभियान चला रहे हैं.
पुलिस मूकदर्शक बनी रही
जगदल विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी राजेश कुमार ने आरोप लगाया है कि सब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इशारे पर हुआ है. वह तृणमूल के खिलाफ थाने में शिकायत करने गए थे, इसी दौरान साजिश के तहत तृणमूल समर्थित बदमाशों ने थाने के सामने ही आकर हमला किया है. पुलिस तृणमूल पार्टी की दास होने के कारण साजिश के तहत सारे केंद्रीय वाहिनी को पहले ही थाने से बाहर कर दी थी. पुलिस के सामने ही तृणमूल के लोगों ने हमला किया और पुलिस मूकदर्शक बनी रही.
भाजपा के लोगों ने हमला किया
भाटपाड़ा के तृणमूल प्रत्याशी अमित गुप्ता ने आरोप लगाया है कि उनके कुछ दिन में समर्थको पर भाजपा के लोगों ने हमला किया है. उन लोगों की पिटाई की गई है. उन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर थाने के पास विरोध जताने के दौरान ही हमारे समर्थकों पर अर्जुन सिंह के लोगों ने हमला किया है. हम लोग उन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हैं. उन्होंने आरोप लगाए कि भाजपा के लोग यूपी से बाहरी गुंडो को लाए है और उन्हें यहां पनाह दिया गया, प्रशासन को उन आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना होगा अन्यथा हम लोग वृहद आंदोलन करेंगे.
Also Read: एनआईए करेगी भांगड़ मामले की जांच, बंगाल में मतदान से पहले मिला था बम का बोरा
The post TMC-BJP Clash: बंगाल के भाटपारा में तनाव बढ़ा, तृणमूल-बीजेपी की झड़प, फायरिंग appeared first on Prabhat Khabar.

