![]()
ढाका में आगामी 17 अगस्त को होने वाले महावीरी झंडा पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर गुरुवार को अनुमंडलीय सभागार में शांति समिति की बैठक हुई। सिकरहना एसडीएम विजय कुमार की अध्यक्षता में यह बैठक संपन्न हुई, जिसमें एसडीपीओ, बीडीओ समेत कई अधिकारी और बड़ी संख्या में सदस्य शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम विजय कुमार ने कहा कि समाज में कुछ लोग ऐसे होते हैं जो आपसी सद्भाव के विरोधी होते हैं। ऐसे लोगों की पहचान कर उनसे दूर रहना होगा। उन्होंने पिछले पर्वों में शांति समिति के सदस्यों की भूमिका की सराहना की और सभी से संवेदनशील जगहों पर मुस्तैद रहकर पर्व संपन्न कराने का आग्रह किया। एसडीएम ने चेतावनी दी कि पर्व के दौरान माहौल बिगाड़ने वाले उपद्रवियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और उन पर कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ड्रोन और वीडियो कैमरे से निगरानी की भी बात कही। उन्होंने दोनों समुदायों से एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने का आह्वान किया। एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि सभी को सशक्त होकर एक-दूसरे पर विश्वास करना होगा, तभी उपद्रवी तत्वों पर नकेल कसी जा सकेगी। उन्होंने लोगों से मन के बैरभाव और विरोधाभास को खत्म कर आपसी तालमेल बनाए रखने का आह्वान किया, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने अधिकारियों को क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर अधिकारियों ने समुचित समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर ईं किशोर कुमार, राजमंगल पटेल, शम्स तबरेज, मो. मोहीयूद्दीन, डॉ. अफरोज आलम, मुन्ना कुमार शाही, अमरेन्द्र कुमार उर्फ संजय सिंह, उमाशंकर यादव, सुरेश कुमार सर्राफ, सुरेन्द्र प्रसाद, पप्पू चौधरी, लालबाबू प्रसाद और सुनील सिंह सहित सभी बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्ष मौजूद रहे।

