जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम)53 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

टाटानगर रेलवे स्टेशन के पायलट लॉबी गेट के बाहर लोको पायलट ज्ञानेंद्र कुमार गौतम की गोली मारकर हत्या के मामले में अब चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि 72 लाख रुपए की जमीन का विवाद इस हत्याकांड की मुख्य वजह बनकर उभरा है। यह जमीन हरहरगुट्टू शिवनगर (पेट्रोल पंप के पीछे) स्थित बताई जा रही है, जिसे लेकर लंबे समय से लेनदेन और विवाद चल रहा था।
मृतक की पत्नी रीना रानी के बयान ने जांच को नई दिशा दी है। उन्होंने बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर-5 निवासी राज किशोर और मधु सोनकर पर संदेह जताया है। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बागबेड़ा और आसपास के आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। जांच में यह भी संकेत मिल रहे हैं कि जमीन के इस सौदे में कई स्थानीय कारोबारी और बिचौलिए शामिल थे।

लॉबी कार्यालय ड्यूटी ऑफ करने जाने के दौरान गोली मारी गई थी।
हिरासत, पूछताछ और छापेमारी तेज
पुलिस ने इस मामले में बागबेड़ा संजयनगर निवासी बाबूलाल यादव, गोलू यादव, रवि यादव, रेलवे पार्किंग कर्मचारी अमबेश तिवारी उर्फ छोटू, मधु सोनकर और रंजीत साहू के परिवार से जुड़े मुन्ना को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की है।
इसके अलावा अपराधी नीरज दुबे के माता-पिता विजय कुमार दुबे और मीरा देवी को भी थाने लाकर पूछताछ की गई, हालांकि देर रात उन्हें पीआर बांड पर छोड़ दिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार इस हत्याकांड में पेशेवर अपराधियों की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
एक अन्य जमीन कारोबारी अरुण कुशवाहा की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है, जिसे इस मामले का अहम कड़ी माना जा रहा है। गौरतलब है कि ज्ञानेंद्र कुमार गौतम आदित्यपुर एमआईजी फ्लैट में अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ रहते थे। उनके दोनों बेटे गम्हरिया स्थित स्कूल में पढ़ाई करते हैं।

आरपीएफ और जिला पुलिस समन्वय कर जांच की जा रही है।
आरपीएफ ने भी बढ़ाई जांच
घटना के बाद वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पीएस कुट्टी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। जिला पुलिस के साथ समन्वय कर जांच की जा रही है। घटना के बाद आरपीएफ ने पायलट लॉबी गेट के बाहर तीन सीसीटीवी कैमरे लगा दिए।
30 लाख के विवाद में बढ़ा टकराव
हरहरगुट्टू शिवनगर की जमीन के सौदे ने ही पूरे विवाद की नींव रखी। बागबेड़ा कॉलोनी निवासी राज किशोर ने ज्ञानेंद्र कुमार गौतम को जमीन खरीदने के लिए तैयार किया और मधु सोनकर से उनकी मुलाकात कराई। गौतम ने 72 लाख रुपए निवेश कर जमीन खरीदी।
आरोप है कि इस सौदे में राज किशोर ने 30 लाख रुपए अपने पास रख लिए। इसी 30 लाख रुपए को लेकर गौतम और राज किशोर के बीच विवाद था। गौतम ने राज किशोर को अलग कर मधु सोनकर के साथ मिलकर जमीन की प्लॉटिंग और बिक्री शुरू कर दी थी।

हादसे के बाद खुद सिटी एसपी मौके पर पहुंच कर जांच की।
क्या था मामला
जीके गौतम कांड्रा से मालगाड़ी लेकर टाटानगर रेलवे स्टेशन रविवार की रात 12.30 बजे पहुंचे थे। वहां से पैदल बैग लेकर पायलट लॉबी कार्यालय ड्यूटी ऑफ करने जा रहे थे। इसी क्रम में बाइक सवार दो अपराधियों ने उनके कनपट्टी में एक गोली मारी और फरार हो गए। वे 10 मिनट तक जमीन पर तड़पते रहे। आसपास व लॉबी कार्यालय में काम कर रहे लोगों ने टेंपो से उन्हें रेलवे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राजकिशोर और मधु के साथ करते थे जमीन कारोबार
रीना रानी ने कहा कि – मेरे पति की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उनको सिर्फ अपने काम से मतलब था। राजकिशोर और मधु के साथ मिलकर पति बागबेड़ा हरहरगुट्टू में जमीन का कारोबार कर रहे थे। जमीन कारोबार में रुपए लेनदेन का विवाद चल रहा था। कभी-कभी पति तनाव में रहते थे कि कहीं उनकी जमा पूंजी डूब न जाए। पिछले कुछ दिनों से फोन पर उनका किसी से हॉट टॉक भी हो रहा था। संदेह है कि जमीन विवाद में इन्हीं लोगों ने गौतम की हत्या कर दी।
जमीन विवाद में चालक की गोली मारकर हत्या की गई है। कुछ लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। राज किशोर नामक युवक की तलाश जारी है।-ललित मीणा, सिटी एसपी

————————————————–
इसे भी पढ़ें…
जमशेदपुर में रेलवे कर्मचारी की गोली मारकर हत्या:रेलवे लॉबी गेट के पास देर रात चली गोली, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक रेलवे कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने रेलवे लॉबी गेट के पास इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाश अचानक पहुंचे और कर्मचारी पर गोली चला दी।
जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने तत्काल उसे रेलवे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पूरी खबर यहां पढ़ें…



