जमुई में सोमवार शाम अचानक बदले मौसम ने भीषण गर्मी से राहत दी, लेकिन नगर परिषद की तैयारियों की पोल खोल दी। करीब 30 मिनट तक चली तेज हवा और मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलजमाव हो गया। कचहरी रोड से महाराजगंज मार्ग पर सबसे अधिक जलजमाव देखा गया, जिससे सड़क पर पानी भर गया। बारिश का पानी कई दुकानों में घुस गया, जिससे दुकानदारों को नुकसान हुआ। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नालों की समय पर सफाई न होने के कारण हल्की बारिश में ही सड़कें तालाब बन गईं। शहरों में जलभराव से जुड़ी 3 तस्वीरें… पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं
तेज आंधी से कई कच्चे मकानों और झोपड़ियों को भी क्षति पहुंची। कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। हालांकि, बारिश के बाद तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक जमुई सहित बिहार के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। ठनका गिरने को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। कुछ दिनों तक आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और आसपास बने सिस्टम के कारण बिहार और झारखंड में अगले कुछ दिनों तक आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है। इससे तापमान में गिरावट बनी रहेगी। ठनका से बचाव के लिए लोगों को खुले मैदानों, पेड़ों, बिजली के खंभों और जलाशयों से दूर रहने की सलाह दी गई है। खेतों में काम कर रहे लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा गया है। मोबाइल को चार्जिंग में लगाकर उपयोग न करें और बिजली उपकरणों से दूरी बनाए रखें। खराब मौसम में घर के अंदर रहना सबसे सुरक्षित माना जाता है। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट का पालन करने की अपील की है।


