कुमेदपुर-बारसोई रेलखंड पर तेज आंधी और बारिश के दौरान सोमवार शाम आजमनगर रोड स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक पेड़ 25 हजार वोल्ट के ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) तार पर गिर गया। तार टूटने से जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई, जिससे स्टेशन पर यात्रियों में हड़कंप मच गया। घटना के समय गाड़ी संख्या 55708 कटिहार-राधिकापुर पैसेंजर ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर खड़ी थी। सुरक्षा कारणों से ट्रेन को वहीं रोक दिया गया। बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण प्लेटफॉर्म पर अंधेरा छा गया और यात्री लगभग एक घंटे तक ट्रेन में फंसे रहे। OHE लाइन पर गिरा पीपल का पेड़ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 6:40 बजे तेज आंधी के कारण प्लेटफॉर्म के पास लगा एक पुराना पीपल का पेड़ उखड़कर सीधे ओएचई लाइन पर गिर गया। 25 हजार वोल्ट का तार टूटते ही जोरदार आवाज के साथ चिंगारी निकली और पेड़ में आग लग गई। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ लगाई। यह संतोषजनक रहा कि तार ट्रेन के ऊपर नहीं गिरा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही आजमनगर स्टेशन मास्टर ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचित किया। इसके बाद कुमेदपुर-बारसोई सेक्शन की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी गई। कटिहार से टावर वैगन, आरपीएफ और इंजीनियरिंग विभाग की एक टीम मौके पर भेजी गई है। पेड़ को हटाने और क्षतिग्रस्त ओएचई तार को ठीक करने का कार्य जारी है। अप और डाउन दोनों रेल लाइनें प्रभावित ओएचई लाइन में खराबी के कारण अप और डाउन दोनों रेल लाइनें प्रभावित हुई हैं। कटिहार-राधिकापुर पैसेंजर के अलावा, गाड़ी संख्या 15710 न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस को कुमेदपुर और गाड़ी संख्या 13145 कोलकाता-राधिकापुर एक्सप्रेस को बारसोई स्टेशन पर रोका गया है। रेलवे प्रशासन ने प्रभावित स्टेशनों पर यात्रियों के लिए घोषणाएं की हैं और पानी की व्यवस्था की है। डीआरएम ने लिया जायजा
कटिहार रेल मंडल के डीआरएम ने बताया कि राहत कार्य में तेजी लाई गई है। “हमारी पहली प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा है। उम्मीद है कि 2 से 3 घंटे में ओएचई दुरुस्त कर परिचालन सामान्य कर दिया जाएगा।” उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने पहले ही आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया था। ट्रैक के किनारे कमजोर पेड़ों की पहचान कर उन्हें हटाने का काम चल रहा था, लेकिन अचानक तेज हवा से यह हादसा हो गया।
गर्मी और उमस से लोगों की हालत खराब
ट्रेन में फंसे यात्री मो. असलम ने बताया, “धमाका इतना तेज था कि लगा बम फट गया। बच्चे रोने लगे। लाइट चली गई तो और डर लगने लगा।” महिला यात्री सुनीता देवी ने कहा कि रेलवे कर्मचारी लगातार ढांढस बंधा रहे हैं, लेकिन गर्मी और उमस से हालत खराब हो रही है।
रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर 139 और 9002041952 जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे कटिहार-पूर्णिया क्षेत्र में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। रेल प्रशासन ने सभी स्टेशनों को अलर्ट पर रखा है।

