![]()
कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-20 पर सतपुलिया के पास मंगलवार रात एक महिला का शव संदिग्ध हालात में बरामद किया गया। जानकारी के अनुसार रात करीब 9 बजे रांची से पटना की ओर जा रहे एक ट्रक चालक की नजर सड़क किनारे पड़ी महिला पर पड़ी। चालक ने वाहन रोककर जब पास जाकर देखा तो महिला के सिर में गंभीर चोट लगी थी और काफी खून बह चुका था। आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू ट्रक चालक ने तत्परता दिखाते हुए अन्य वाहनों को रोका और आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। इसके बाद तिलैया थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया। टूटा मोबाइल मिला, पहचान में आई दिक्कत पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद हुआ है। हालांकि उसमें सिम कार्ड नहीं होने के कारण पहचान करने में परेशानी हुई। तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला सड़क दुर्घटना का लगा। अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। बाद में महिला की पहचान चंदवारा थाना क्षेत्र के ढाब निवासी 50 वर्षीय गिरिजा देवी के रूप में हुई। परिजनों ने जताई जमीन विवाद में हत्या की आशंका मृतका के भाई ओमकार पंडित ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे उनकी बहन से बात हुई थी। बुधवार सुबह सोशल मीडिया के जरिए उन्हें घटना की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि गिरिजा का लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने हत्या कर इसे सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की है।

