![]()
जहानाबाद से शकूराबाद को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर गुरुवार को पिंजौर गांव के पास ग्रामीणों ने जलजमाव के विरोध में सड़क जाम कर दी। वर्षों से चली आ रही इस समस्या से परेशान लोगों ने करीब तीन घंटे तक मार्ग बाधित रखा, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हुई। ग्रामीणों के अनुसार, गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने वाली यह एकमात्र सड़क है, जहां नाली का गंदा पानी हमेशा जमा रहता है। जलजमाव के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। आसपास के कई गांवों के हजारों लोग इसी रास्ते से रोजाना आवागमन करते हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वे इस समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों और बीडीओ को आवेदन दे चुके हैं, लेकिन उनकी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे एक स्कूल भी है, जिससे छोटे बच्चों को रोजाना दिक्कत होती है। कई बच्चे गंदे पानी में गिरकर घायल भी हो चुके हैं। जलजमाव के कारण इलाके में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और बीमारियों का खतरा बना रहता है। सड़क जाम की सूचना मिलने पर बीडीओ अनिल कुमार और सीओ स्नेहा सत्यम मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि तत्काल पाइप लगाकर पानी निकासी की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही, टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्थायी नाली निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।

