![]()
बेतिया के बैरिया प्रखंड अंतर्गत लौकरियां पंचायत के वार्ड संख्या-5 में हुए अग्निकांड में सरकारी आंकड़ों के अनुसार कुल 127 घर जलकर नष्ट हो गए थे। इस घटना से 127 परिवार और लगभग 511 लोग प्रभावित हुए थे। प्रशासन द्वारा राहत कार्य के तहत प्रभावित परिवारों के बीच 198 प्लास्टिक शीट का वितरण किया गया था, ताकि वे अस्थायी रूप से रहने की व्यवस्था कर सकें। प्रशासन ने यह भी आश्वासन दिया था कि अग्निकांड से प्रभावित सभी परिवारों को सरकार की ओर से निर्धारित अनुदान राशि उपलब्ध कराई जाएगी। पीड़ितों के खातों में आरटीजीएस की प्रक्रिया पूरी पश्चिम चंपारण जिला आपदा प्रबंधन शाखा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि विभिन्न मदों में आवंटित अनुदान राशि की निकासी अंचल कार्यालय बैरिया द्वारा कर ली गई है। पीड़ितों के बैंक खातों में आरटीजीएस के माध्यम से राशि भेजने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। हालांकि, पीड़ित परिवारों का आरोप है कि उन्हें अब तक किसी प्रकार की आर्थिक सहायता प्राप्त नहीं हुई है। इसी को लेकर लगभग 40 अग्नि पीड़ित परिवारों ने जिला समाहरणालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि आग लगने की घटना में उनके घर, अनाज, कपड़े और दैनिक उपयोग की अधिकांश सामग्री जलकर राख हो गई है, जिससे वे गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। डीएम को आवेदन सौंपा, कार्रवाई का भरोसा अग्नि पीड़ितों ने जिला पदाधिकारी को एक लिखित आवेदन सौंपते हुए शीघ्र अनुदान राशि दिलाने की मांग की। उनका कहना था कि सहायता राशि मिलने से उन्हें दोबारा जीवन को पटरी पर लाने में मदद मिलेगी। इस संबंध में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया कि सभी पात्र लोगों के खातों में जल्द ही अनुदान राशि भेज दी जाएगी। प्रशासन ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा भी दिया है।

