![]()
गोपालगंज पुलिस ने फरार चल रहे तीन आरोपियों साहिल आलम, शाहिद आलम और सैफ आलम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। माधोपुर थाने की पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर सरेया नरेंद्र गांव स्थित उनके घरों पर ढोल-नगाड़े बजाकर इश्तेहार चिपकाया। यह कार्रवाई कुर्की-जब्ती से पहले की अंतिम वैधानिक चेतावनी मानी जा रही है। थानाध्यक्ष विकास कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ढोल-नगाड़ों के साथ सरेया नरेंद्र गांव पहुंचा। पुलिस ने पूरे गांव में मुनादी करवाई और ग्रामीणों को सूचित किया कि ये तीनों व्यक्ति कानून की नजर में भगोड़े हैं। इसके बाद, आरोपियों के घर के मुख्य दरवाजे और सार्वजनिक स्थान पर कोर्ट द्वारा जारी नोटिस (इश्तेहार) को विधिवत चिपकाया गया। यह कार्रवाई उन तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ की गई है जो लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहे हैं और न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं कर रहे हैं। माधोपुर थाना क्षेत्र के सरेया नरेंद्र गांव निवासी शाकिर आलम के बेटे साहिल आलम, शाहिद आलम और सैफ आलम हत्या के प्रयास सहित विभिन्न मामलों में फरार चल रहे हैं। आत्मसमर्पण नहीं करने पर कार्रवाई थानाध्यक्ष विकास कुमार ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर ये तीनों आरोपी न्यायालय या थाने में आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो पुलिस अगली प्रक्रिया के तहत उनके घरों की कुर्की-जब्ती करेगी। गोपालगंज पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि फरार चल रहे किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाते रहेंगे। थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए स्थानीय गवाहों की उपस्थिति में इश्तेहार तामिल किया गया।
