
सभी विद्यालयों व पंचायत भवनों में होगा पौधरोपण, एससी-एसटी मजदूरों को काम में मिलेगी प्राथमिकता
बेलदौर. प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित मनरेगा कार्यालय के सभागार में बैठक आयोजित कर जिले के 45वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया. जानकारी के मुताबिक गुरुवार को कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर मनरेगा कार्यालय बेलदौर में कार्यक्रम पदाधिकारी रवि रंजन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गयी. इन्होंने बताया कि खगड़िया जिले का 45वां स्थापना दिवस शुक्रवार को पूरे जिले में धूमधाम से मनाया जाएगा. बेलदौर में मनरेगा कार्यालय की ओर से बेहतर कार्यक्रम सुनिश्चित किए जाने को लेकर बैठक में तैयारी पर चर्चा की गयी. इन्होंने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर सभी विद्यालयों व पंचायत सरकार भवनों में पौधरोपण किया जायेगा. इसके अतिरिक्त, मनरेगा के तहत 100 दिनों के लिए मानव दिवस सृजित किए जाएंगे. जिसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के मजदूरों को प्राथमिकता दी जाएगी. उन्होंने यह भी बताया कि ””जल संचय जन भागीदारी”” अभियान के तहत सोखता पोखर (शॉक पिट) व वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) जैसी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाएगा. बैठक में पीटीए प्रवीण कुमार और राजीव कुमार, कनीय अभियंता प्रवीण कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर देवेंद्र कुमार, रोजगार सेवक मुकेश कुमार, मनीष कुमार, अवधेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, अनुपम कुमार, नसीम उद्दीन सहित अन्य सभी रोजगार सेवक उपस्थित थे.


