गढ़वा|सदर एसडीएम संजय कुमार ने बुधवार को चिनिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नव-निर्मित अस्पताल भवन के सभी कक्षों, खंडों सहित पूरे परिसर का जायजा लिया। साथ ही इमरजेंसी वार्ड, पुरुष वार्ड एवं महिला वार्ड सहित विभिन्न चिकित्सीय व्यवस्थाओं की स्थिति की समीक्षा की। वे यहां चिनिया प्रखंड के लिए नामित वरीय पदाधिकारी के रूप में निरीक्षण करने पहुंचे हुए थे। इस दौरान एसडीएम संजय ने संस्थागत प्रसव की स्थिति, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सक एवं कर्मियों की उपस्थिति, एंबुलेंस सेवा तथा ओपीडी एवं आईपीडी से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई। निरीक्षण के समय दो मरीज भी भर्ती पाए गए। ओपीडी का समय समाप्त होने के कारण ओपीडी बंद मिली।


