Monday, May 11, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

सिमरिया में अज्ञात वाहन ने नाना-नाती को कुचला:रिसेप्शन पार्टी से लौटते समय हुई मौत, परिजनों ने मुआवजे की मांग की


चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक सड़क हादसे में नाना और नाती की मौत हो गई। बगरा स्थित कसारी मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने लूना सवार दोनों को टक्कर मार दी। यह घटना रविवार रात करीब 10 बजे हुई। मृतकों की पहचान बरियातू थाना क्षेत्र के जबरा निवासी 60 वर्षीय सुकर प्रजापति और उनके 14 वर्षीय नाती आलोक प्रजापति के रूप में हुई है। आलोक कान्हाचट्टी थाना क्षेत्र के चिरीदिरी गांव का रहने वाला था और अपने नाना के घर आया हुआ था। रिसेप्शन पार्टी में गए थे दोनों सुकर प्रजापति अपने नाती आलोक के साथ जिरुआखुर्द पंचायत के सलगी गांव में एक रिश्तेदार के घर रिसेप्शन पार्टी में शामिल होने गए थे। समारोह से लौटने के दौरान वे लूना मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर जबरा लौट रहे थे। सिमरिया के कसारी मोड़ के पास पहुँचते ही विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय राहगीरों ने सिमरिया थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
सिमरिया पुलिस दुर्घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है। मृतकों के परिजनों ने मुआवजे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही इलाके में शोक छा गया। मृतक बुजुर्ग के बड़े बेटे अनुज प्रजापति ने बताया कि उनके पिता और भांजा रिसेप्शन पार्टी से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि उनके घर की माली हालत बेहद दयनीय है और पिता के जाने के बाद परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। परिजनों ने जिला प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles