Tuesday, May 12, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

धनबाद में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या:बीती रात 11 बजे हुई थी परिवार से आखिरी बात, सुबह चांदमारी ग्राउंड के पास मिला शव


धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र स्थित चांदमारी ग्राउंड के पास एक युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान दहुहाटांड़ निवासी जितेश कुमार के रूप में हुई है। आशंका है कि युवक की हत्या चेहरे को पत्थर से कुचलकर की गई है। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने जंगल की ओर शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही धनसार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से एक बाइक, मोबाइल फोन और खून से सना पत्थर बरामद किया गया है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। सोमवार शाम काम से कुछ लोगों के साथ निकला था मृतक के चाचा टुनटुन कुमार ने बताया कि जितेश सोमवार शाम काम से कुछ लोगों के साथ घर से निकला था। रात करीब 11 बजे उसकी आखिरी बार बातचीत हुई थी। 1:30 बजे रात मोबाइल स्विच ऑफ हो गया
टुनटुन के अनुसार, रात 12:30 बजे एक बार कॉल रिसीव हुआ, जिसमें हल्की आवाज में किसी तरह का झगड़ा होने की बात सुनाई दी। इसके तुरंत बाद फोन कट गया और फिर रात 1:30 बजे से मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा। धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को चांदमारी ग्राउंड के पास लाकर फेंका गया। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा कुछ लोगों पर संदेह जताया गया है, जिनके आधार पर जांच की जा रही है। फिलहाल, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
पुल के पास शव रखकर सड़क जाम कर दिया इधर, घटना के बाद मंगलवार की शाम को इलाके में भारी तनाव का माहौल बन गया। पोस्टमॉर्टम के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने बरमसिया पुल के पास शव रखकर सड़क जाम कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सड़क जाम के कारण रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर हजारों की संख्या में लोग जुट गए। सूचना मिलते ही धनसार थाना पुलिस समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles