![]()
औरंगाबाद में रविवार देर रात एनएच-19 पर सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मिर्जापुर गांव निवासी रामबली यादव के पुत्र अंकित कुमार(25) के तौर पर हुई है। घटना मदनपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार अंकित कुमार अपने सगे भाई उमेश के साथ ऑटो से शिवगंज बाजार गया था। उमेश ऑटो चला रहा था। काम खत्म होने के बाद दोनों भाई बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों में घायल हो गए। सदर अस्पताल में डॉक्टर ने दिया मृत घोषित हादसे की सूचना मिलने पर थाना की गश्ती पुलिस और 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल अंकित को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद ग्रामीण शव को सदर अस्पताल से बिना पोस्टमार्टम कराए ही घर ले गए। शव को मिर्जापुर गांव के सामने सड़क पर रखकर एनएच-19 जाम कर दिया ।सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई । करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा। जाम की सूचना मिलने पर मदनपुर थानाध्यक्ष सह पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों को समझाया। उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। स्थानीय लोगों में रोष पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने एनएच-19 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए जिला प्रशासन से आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है। छह माह के मासूम के सिर से उठा पिता का साया जिप सदस्य शंकर यादवेंदु ने बताया कि उमेश और अंकित दोनों सगे भाई हैं। अंकित अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा भाई था। ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण में सहयोग करता था। 2 साल पहले उसकी शादी हुई थी। छह माह का एक बच्चा भी है। जिसके सिर से पिता का साया उठ चुका है।
