Tuesday, May 12, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

प्रशासनिक अधिकारियों ने किया पेट्रोल पंपों का निरीक्षण:अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील, पंपों पर लगी वाहनों की लंबी कतार


पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में पेट्रोल और डीजल की किल्लत की सूचना के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है। मंगलवार को जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टोपनो, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी और सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार ने पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान शहीद पार्क और बड़ी बाजार सहित अन्य क्षेत्रों के पंपों पर ईंधन भंडारण की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पंपों के आवक, बिक्री और स्टॉक पंजी की जांच की। उन्होंने संचालकों को व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। सदर अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टोपनो ने बताया कि पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार, आपूर्ति श्रृंखला में कमी के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और आवश्यकतानुसार ही पेट्रोल-डीजल भरवाने की अपील की। बोतल, गैलन में ईंधन देने पर प्रतिबंध ईंधन की कमी को देखते हुए पेट्रोल पंप संचालकों ने दोपहिया वाहनों को अधिकतम 100 रुपए और चारपहिया वाहनों को 500 रुपए तक का पेट्रोल देने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही बोतल, गैलन या अन्य खुले बर्तनों में ईंधन देने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। सीमित मात्रा में पेट्रोल मिलने के कारण शहर के कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। स्थिति को नियंत्रित करने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए प्रशासन ने विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पुलिस बल तैनात किया है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि ईंधन की आपूर्ति जल्द ही सामान्य हो जाएगी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles