Tuesday, May 12, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

खगड़िया में 159.75 लीटर विदेशी शराब बरामद:स्कॉर्पियो सहित 7 वाहन जब्त, तस्कर फरार; छापेमारी अभियान जारी


खगड़िया में मुफ्फसिल थाना पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 159.75 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इस दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कॉर्पियो, एक ऑटो रिक्शा और पांच मोटरसाइकिल सहित कुल सात वाहन भी जब्त किए गए। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक खगड़िया के निर्देश पर जिले में मद्यनिषेध कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए चलाए जा रहे लगातार छापेमारी अभियान का हिस्सा है। पुलिस शराब तस्करों पर नकेल कसने के लिए सक्रिय है। मंगलवार को मुफ्फसिल थाना पुलिस को नन्हकू मंडल टोला के बहियार स्थित नदी किनारे शराब तस्करों द्वारा गाड़ियों से शराब की खेप उतारे जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित इलाके में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 159.75 लीटर विदेशी शराब जब्त की। साथ ही, शराब तस्करी में उपयोग किए जा रहे एक स्कॉर्पियो, एक ऑटो रिक्शा और पांच मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही सभी तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे। इस मामले में मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या-70/26 दर्ज किया गया है। बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 30(ए) के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह, पु०अ०नि० गौतम कुमार, स०अ०नि० अनिल कुमार सिंह, पीटीसी सुभाष कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। खगड़िया पुलिस ने दोहराया है कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles