रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए हावड़ा-मोकामा-हावड़ा एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 13029/13030) में अस्थायी रूप से साधारण श्रेणी का एक अतिरिक्त कोच जोड़ने का निर्णय लिया है। इस फैसले से विशेषकर जमुई स्टेशन से यात्रा करने वाले सैकड़ों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। जमुई रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री हावड़ा, आसनसोल, पटना और मोकामा की ओर यात्रा करते हैं। मजदूर, छात्र, नौकरीपेशा लोग और इलाज के लिए जाने वाले यात्रियों की संख्या इस ट्रेन में काफी अधिक रहती है। यह ट्रेन जमुई और आसपास के क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह दोनों दिशाओं में यहां रुकती है। सामान्य कोचों में अक्सर भारी भीड़भाड़ रहती है
गर्मी की छुट्टियों और शादी-विवाह के मौसम में यात्रियों की भीड़ और बढ़ जाती है, जिससे सामान्य कोचों में अक्सर भारी भीड़भाड़ रहती है। रेलवे के इस निर्णय से जमुई के यात्रियों को सफर के दौरान अधिक सुविधा मिलेगी। रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, हावड़ा से चलने वाली गाड़ी संख्या 13029 में यह अतिरिक्त साधारण कोच 15 मई 2026 से 15 जून 2026 तक लगाया जाएगा। वहीं, मोकामा से खुलने वाली गाड़ी संख्या 13030 में यह सुविधा 16 मई 2026 से 16 जून 2026 तक प्रभावी रहेगी। कोचों की संख्या 7 से बढ़कर 8 हो जाएगी
सूचना जनसंपर्क अधिकारी सरस्वतीचंद्र ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि यात्रियों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। अतिरिक्त कोच जुड़ने के बाद ट्रेन में साधारण श्रेणी के कोचों की संख्या 7 से बढ़कर 8 हो जाएगी। ट्रेन में कुल 13 कोच होंगे, जिनमें 3 शयनयान श्रेणी तथा 2 एसएलआर कोच शामिल रहेंगे। रेलवे के इस फैसले का जमुई के यात्रियों ने स्वागत किया है। यात्रियों का कहना है कि अतिरिक्त सामान्य कोच जुड़ने से सफर पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और राहत भरा होगा।


