जामताड़ा में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मिहिजाम और फतेहपुर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई की है। इस दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर जब्त की गई। दोनों मामलों में कुल छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। मिहिजाम थाना पुलिस ने गश्ती अभियान के दौरान हटिया रोड से पांच शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध विदेशी शराब बिहार ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच तस्करों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर के कैन बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की साव, मिथिलेश पासवान, संजय मालाकार, गोविंद मालाकार और राहुल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी शराब के टेट्रा पैक को शरीर के विभिन्न हिस्सों में बांधकर बिहार पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। विदेशी अंग्रेजी शराब और बीयर की बड़ी खेप बरामद
दूसरी ओर, फतेहपुर थाना क्षेत्र के बैलवराई गांव में पुलिस ने छापेमारी कर विदेशी अंग्रेजी शराब और बीयर की बड़ी खेप बरामद की। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। थाना प्रभारी अमर सिंह तापेए के नेतृत्व में गठित टीम ने गांव स्थित विश्वजीत गोराई की ठंडा एवं कोल्ड ड्रिंक दुकान में छापा मारा। तलाशी के दौरान दुकान से विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब एवं बीयर बरामद हुई। जब पुलिस ने दुकान संचालक विश्वजीत गोराई से शराब भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस मांगा, तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की बाजार कीमत करीब 26 हजार रुपए आंकी गई है। मामले में फतेहपुर थाना कांड संख्या 15/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 274, 275 एवं 292 तथा 47(ए) झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इसमें संलिप्त लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

