Tuesday, May 19, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

पलामू में कोयला लदा हाइवा घर में घुसा:भीषण गर्मी से छत पर सो रहे परिवार की बची जान; केबिन में फंसा ड्राइवर, जख्मी


पलामू के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरिया गांव में मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा हुआ। पांकी-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर सुबह करीब 3:30 बजे कोयला लदा एक अनियंत्रित हाइवा सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि मकान का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। यह मकान शिव साव का है। राहत की बात यह रही कि भीषण गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सोने के बजाय छत पर सो रहे थे। इसी वजह से एक बड़ा हादसा टल गया और परिवार के सभी लोग सुरक्षित बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार हाइवा अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे मकान से जा टकराया। दुर्घटना में वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, चालक का पैर केबिन में फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने चालक को बाहर निकालने के लिए कटर मशीन मंगाई। काफी मशक्कत के बाद केबिन का हिस्सा काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलने पर लेस्लीगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। मकान क्षतिग्रस्त होने के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग उठाई है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles