Bihar Weather: भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे बिहार में अब मौसम ने अचानक खतरनाक करवट ले ली है.अरब सागर में बन रहे साइक्लोनिक सिस्टम और बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी के कारण राज्य का मौसम तेजी से बदल रहा है. मौसम विभाग ने बिहार के 33 जिलों में तेज आंधी, बवंडर, मूसलाधार बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है.
गर्मी से राहत, लेकिन बढ़ा खतरा
पिछले कई दिनों से राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच रहा था. तेज धूप और लू से लोग बेहाल थे. अब मौसम में अचानक बदलाव के कारण जहां लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है, वहीं तेज तूफान और वज्रपात का खतरा भी बढ़ गया है.
इन जिलों में ज्यादा असर की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार पटना, गया, औरंगाबाद, नवादा, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, जहानाबाद, अरवल, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, सीवान, गोपालगंज, सारण, पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण समेत 33 जिलों में मौसम बिगड़ सकता है.
कई जगहों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका जताई गई है.
किसानों और आम लोगों को चेतावनी
मौसम विभाग ने किसानों को खेतों में काम करते समय सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने को कहा गया है.
विशेष रूप से वज्रपात के दौरान मोबाइल फोन का कम इस्तेमाल करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है.
प्रशासन अलर्ट मोड में
संभावित खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को सतर्क कर दिया गया है। बिजली विभाग को भी अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया गया है ताकि आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके.
अगले 48 घंटे अहम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 से 48 घंटे बिहार के लिए काफी महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। कई जिलों में अचानक तेज बारिश और आंधी का दौर देखने को मिल सकता है। लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर बनाए रखने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है.
The post Bihar Weather: भीषण गर्मी के बीच बिहार में मौसम का खौफनाक यू-टर्न appeared first on Prabhat Khabar.

