कटिहार चैंबर ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र:सभी प्रखंडों में दमकल, कुरसेला पीड़ितों को मिले राहत

Date:


नॉर्थ ईस्टर्न बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर कटिहार जिले के सभी प्रखंडों में दमकल की व्यवस्था करने और कुरसेला अग्निकांड पीड़ितों को तत्काल राहत देने की मांग की है। चैंबर अध्यक्ष सह विधान पार्षद अशोक अग्रवाल के निर्देश पर चैंबर महासचिव भुवन अग्रवाल ने यह जानकारी दी। महासचिव भुवन अग्रवाल ने बताया कि कटिहार जिले के कुरसेला प्रखंड स्थित दुर्गा मंदिर नया हाट में रविवार देर रात भीषण अग्निकांड हुआ था। इस घटना में 300 से अधिक दुकानें जलकर राख हो गईं, जिससे करोड़ों रुपये की क्षति का अनुमान है। अग्निकांड के कारण कई परिवारों की रोजी-रोटी छिन गई है। चैंबर ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को तत्काल खाने-पीने का सामान, तिरपाल और मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे अपना और अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। महासचिव ने इस बात पर भी जोर दिया कि चैत्र माह में आग लगने की घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि होती है, जिसके लिए सरकार को सचेत रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में पर्याप्त संख्या में दमकल की व्यवस्था होनी चाहिए ताकि आग पर समय रहते काबू पाया जा सके। अग्रवाल ने तर्क दिया कि यदि प्रखंड मुख्यालयों में दमकल की व्यवस्था होती तो कुरसेला में इतनी बड़ी क्षति नहीं होती। कुरसेला की आग पर काबू पाने के लिए पूर्णिया और भागलपुर जिलों से दमकल बुलानी पड़ी थी। उन्होंने कटिहार जिले में अग्निशमन विभाग की दमकल गाड़ियों की दयनीय स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। चैंबर ने मुख्यमंत्री से मौजूदा दमकलों को जल्द दुरुस्त करने और जिले के लिए दो नए दमकलों का प्रावधान करने की भी मांग की है, क्योंकि वर्तमान स्थिति में कटिहार जैसे बड़े शहर में आग पर काबू पाना अत्यंत कठिन है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

Join Us WhatsApp