Thursday, May 21, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

गदियानी में घरों में घरों में घुसा नाले का पानी:आधे घंटे की बारिश में सड़कें बनीं तालाब, आवाजाही प्रभावित


मधुबनी नगर निगम क्षेत्र के गदियानी मोहल्ला में गुरुवार को हुई आधे घंटे की बारिश ने जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। तेज बारिश के बाद सड़कों पर भारी जल-जमाव हो गया, जिससे पैदल चलना और वाहनों का आवागमन मुश्किल हो गया। कई सड़कें तालाब में तब्दील नजर आईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश का पानी कई घरों में भी घुस गया। नाले का गंदा पानी घरों में प्रवेश करने से लोगों को दुर्गंध और गंदगी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है। स्थानीय निवासी विजय महतो और सुनील कुमार ने बताया कि यदि गदियानी चौक स्थित कैनाल की नियमित और बेहतर तरीके से साफ-सफाई कराई जाए, तो क्षेत्र में जल-जमाव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है। वहीं, उमेश कुमार और शत्रुघ्न कुमार ने कहा कि गदियानी चौक पर स्थित मटन, चिकन और मछली दुकानदारों द्वारा कैनाल में कचरा फेंक दिया जाता है। इसके अलावा, कुछ स्थानीय लोग भी नाले में कचरा डालते हैं, जिसके कारण नाला जाम हो जाता है और बारिश का पानी नहीं निकल पाता। अनारकली देवी और पुरुषोत्तम ठाकुर जैसे अन्य स्थानीय निवासियों ने नगर निगम से नाले की समुचित साफ-सफाई कराने की मांग की, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके। विनोद ठाकुर और उमेश ठाकुर ने बताया कि घरों में नाले का पानी घुसने से लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में मधुबनी नगर निगम वार्ड संख्या-12 के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि धर्मवीर प्रसाद उर्फ धर्मू ने कहा कि जल-जमाव की समस्या के समाधान के लिए जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि स्थानीय लोगों को परेशानी न हो।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles