Thursday, May 21, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

चतरा में 50 लाख का अफीम डोडा जब्त:तस्कर फरार, कार से बरामद किया गया 324 KG मादक पदार्थ; हजारीबाग भेजने की थी तैयारी


चतरा पुलिस ने नशा माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिमरिया थाना क्षेत्र से लगभग 50 लाख रुपए मूल्य का अवैध अफीम डोडा बरामद किया है। तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने उनकी दो कारों से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ जब्त कर लिया। पुलिस ने कुल 324 किलोग्राम अफीम डोडा बरामद किया। यह खेप हजारीबाग भेजने की तैयारी थी। चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि चतरा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अफीम तस्करों का एक गिरोह बधार इलाके से देलहो (सिमरिया) होते हुए सक्रिय है। सूचना मिलते ही सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। जांच के दौरान चतरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही दो कारें दिखाई दीं। पुलिस को देखकर तस्कर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर गाड़ियां छोड़कर भागने में सफल रहे। पुलिस ने पीछा कर पकड़ा
जैसे ही पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, चालकों ने गाड़ियों की रफ्तार और बढ़ा दी। पुलिस का शक यकीन में बदल गया। इसके बाद सिमरिया थाना प्रभारी और जवानों ने अपनी गाड़ियों से तस्करों का फिल्मी स्टाइल में पीछा करना शुरू किया। आखिरकार पुलिस दल ने चोराही के पास दोनों लग्जरी कारों को चारों तरफ से सफलतापूर्वक घेर लिया। खुद को चारों तरफ से घिरा देख और पुलिस के खौफ से दोनों वाहनों के चालक गाड़ी छोड़कर कूद गए। इससे पहले कि पुलिस जवान उन्हें दबोच पाते, वे रात के घने अंधेरे और सड़क किनारे स्थित बीहड़ जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। जब पुलिस टीम ने दोनों लावारिस खड़ी गाड़ियों की सघन तलाशी ली, तो एक कार की डिक्की और सीट के नीचे से कुल 169 किलोग्राम और दूसरी कार से कुल 155 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा बरामद किया गया। दोनों वाहनों को मिलाकर कुल 324 किलोग्राम डोडा जब्त किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपए आंकी जा रही है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles