चतरा | चतरा जिले की वशिष्ठ नगर थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र में मुरैनवा टोल प्लाजा के पास से करीब पांच लाख 50 हजार रुपए मूल्य के अवैध अंग्रेजी शराब लदी एक पिकअप वैन जब्त की है। शराब के साथ चालक सह तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार तस्कर आकाश कुमार बिहार के पटना जिला के बाइपास थाना क्षेत्र के मरीचा गांव का रहने वाला है। थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर मुरैनवा टोल प्लाजा के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान एक पिकअप वैन को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन बीच सड़क में खड़ा कर भागने लगा। जवानों ने खदेड़कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो ऊपर की ओर लकड़ी का भूसा लदा मिला। संदेह होने पर पुरे वाहन की जांच की गई। जहां से 43 पेटियों में बंद कुल 768 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जब्त शराब में 750 एमएल की रॉयल स्टैग आरएस कंपनी की 22 पेटी, 375 एमएल की आठ पेटी, रॉयल चैलेंजर्स आरसी कंपनी की आठ पेटी तथा आइकोनिक यूलिबाइट कंपनी की पांच पेटी शराब शामिल है। इस मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार तस्कर को जेल भेज दिया गया। शराब को लकड़ी के भूसे की आड़ में छिपाकर चतरा से ले जाया जा रहा था पटना थाना प्रभारी ने बताया कि जप्त शराब चतरा से तस्करी के उद्देश्य से पटना ले जाया जा रहा था। भास्कर न्यूज | इटखोरी इटखोरी पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस संबंध में गुरुवार को डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने इटखोरी थाने में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि चतरा पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के सटीक सूचना तंत्र और एक्टिव इंटेलिजेंस के बदौलत चतरा पुलिस ने तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने इटखोरी थाना क्षेत्र के चतरा रोड स्थित भुरकुंडा जंगल के मैदान में छापेमारी कर एक शातिर नशा तस्कर को अवैध ब्राउन शुगर के साथ रंगे हांथ धर दबोचा है। डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने आगे बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि भुरकुंडा जंगल के मैदान में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में तुरंत एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी की और एक संदिग्ध व्यक्ति को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक काले रंग के प्लास्टिक में रखा करीब 15 लाख रुपये का 30.31 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त की-पैड मोबाइल भी जब्त कर लिया है। डीएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के मायाडीह गांव निवासी अशोक पासवान के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में इटखोरी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। प्रेस कांफ्रेस के दौरान डीएसपी श्री सिंह ने तस्करों को चेताते हुए कहा है कि नशे के सौदागर सुधर जाएं अन्यथा जिला छोड़ने को तैयार रहें। उन्होंने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में लिप्त अपराधियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी है। पुलिस की सख्त कार्रवाई को देखते हुए नशे का अवैध कारोबार करने वाले अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि चतरा जिला में किसी भी कीमत पर नशे का काला कारोबार फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले ड्रग पेडलर्स या तो यह धंधा पूरी तरह छोड़ दें, अन्यथा वे जेल की सलाखों के पीछे सड़ने के लिए तैयार रहें। उन्होंने साफ किया कि पुलिस अब सिर्फ तस्करों को जेल नहीं भेजेगी, बल्कि अवैध कमाई से बनाई गई उनकी चल-अचल संपत्ति को भी कुर्क करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू करेगी।

