मांडू | चतुर्भुज श्रीराम मंदिर में गुरुवार को दो संतों का भावुक मिलन श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना। महाराष्ट्र के नासिक से पहुंचे जगद्गुरु स्वामी शांतिगिरि महाराज और चतुर्भुज श्रीराम मंदिर के महामंडलेश्वर पीठाधीश्वर डॉ. नरसिंह दास महाराज जब आमने-सामने हुए तो दोनों संत भावुक हो उठे। आत्मीयता और सम्मान के भाव से दोनों ने एक-दूसरे के चरण स्पर्श किए। गले मिलकर स्वागत किया। जगद्गुरु शांतिगिरि महाराज अयोध्या में 30 जून से 7 जुलाई तक आयोजित विशेष अनुष्ठान का निमंत्रण देने मांडू पहुंचे थे। इस अवसर पर मांडू महंत ने उन्हें चतुर्भुज श्रीराम मंदिर का चित्र और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। संतों ने अपने संदेश में कहा कि सच्चा अध्यात्म मानवता, प्रेम और लोककल्याण से जुड़ा होता है। उनका यह मिलन धार्मिक सद्भाव, सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक जागृति का प्रतीक बना।


