उत्तर बिहार में मौसम की खराबी का असर शुक्रवार को दरभंगा एयरपोर्ट पर विमान सेवाओं पर साफ देखने को मिला। कोलकाता से दरभंगा आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-7234 को आधे रास्ते से ही डायवर्ट कर वापस कोलकाता भेज दिया गया। विमान के कोलकाता लौटने के बाद यात्रियों को एयरपोर्ट पर उतार दिया गया। बाद में एयरलाइन द्वारा फ्लाइट रद्द किए जाने की घोषणा कर दी गई। इससे नाराज यात्रियों ने कोलकाता एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया। इधर, दरभंगा एयरपोर्ट पर भी इस फ्लाइट से यात्रा करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। विमान रद्द होने की सूचना मिलने के बाद यात्रियों ने एयरपोर्ट पर नाराजगी जताई और हंगामा किया। बाद में एयरलाइन और एयरपोर्ट अधिकारियों ने यात्रियों को समझा-बुझाकर शांत कराया तथा उन्हें वापस लौटाया गया। यात्रियों का कहना था कि यदि एयरलाइन कंपनी द्वारा समय रहते फ्लाइट रद्द होने की सूचना दे दी जाती, तो उन्हें अनावश्यक रूप से एयरपोर्ट नहीं आना पड़ता और परेशानी से बचा जा सकता था। कई यात्रियों ने सूचना प्रबंधन को लेकर एयरलाइन की कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठाए। स्पाइसजेट की उड़ानें भी रहीं रद्द शुक्रवार को दिल्ली और मुंबई से दरभंगा आने वाली स्पाइसजेट की निर्धारित उड़ानें भी रद्द रहीं। इसके कारण इन मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों को अपनी यात्रा योजनाओं में बदलाव करना पड़ा, जबकि कुछ लोग घंटों तक एयरपोर्ट पर जानकारी का इंतजार करते रहे। 12 विमानों का हुआ परिचालन, अधिकांश उड़ानें देरी से पहुंचीं खराब मौसम के बावजूद दरभंगा एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु के बीच कुल 12 उड़ानों का परिचालन किया गया। हालांकि लगभग सभी विमान अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंचे और रवाना हुए। मौसम बना संचालन में बाधा एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार दरभंगा क्षेत्र में खराब मौसम और प्रतिकूल उड़ान परिस्थितियों के कारण विमान परिचालन प्रभावित रहा। मौसम की वजह से कई विमानों को निर्धारित समय से विलंबित करना पड़ा, जबकि कुछ उड़ानों के संचालन पर भी असर पड़ा। यात्रियों ने एयरलाइंस से मांग की है कि मौसम अथवा तकनीकी कारणों से उड़ान रद्द होने की स्थिति में उन्हें समय पर सूचना उपलब्ध कराई जाए, ताकि अनावश्यक परेशानी और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।
फिलहाल मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद उड़ान सेवाओं के नियमित होने की उम्मीद जताई जा रही है।


