भास्कर न्यूज|लोहरदगा उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में सोमवार जिला विकास समन्वय समिति की बैठक समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में उपायुक्त ने विभिन्न विभागों व प्रखण्ड/अंचल की ओर से प्राप्त विषयों पर विस्तृत चर्चा की और आवश्यक निदेश देकर निष्पादन का निर्देश पदाधिकारियों को दिया गया। उपायुक्त ने जिला विकास समन्वय बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सभी विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें तथा योजनाओं के निष्पादन में आने वाली बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिन लाभुकों को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना अंतर्गत बैकयार्ड लेयर एवं ब्रायलर का वितरण स्वीकृत है उनके लिए शेड निर्माण का निर्देश दिया गया। जिला सहकारिता पदाधिकारी को जिन लैम्पसों में गोदाम निर्माण हेतु भूमि की आवश्यकता है उसके लिए संबंधित अंचल अधिकारी को अधियाचना भेजे जाने का निदेश दिया गया। कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल, लोहरदगा को नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय हिरही में विद्युत का कनेक्शन दिये जाने और राजकीयकृत मध्य विद्यालय अर्रू, सेन्हा के मैदान में बीचों बीच अधिष्ठापित ट्रांसफार्मर को मैदान के किनारे अधिष्ठापित करने का निदेश दिया गया। पीएमश्री राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय बिढ़नी, पेशरार में चहारदीवारी निर्माण का निर्णय लिया गया। डायट चिरी लोहरदगा के भवन के बकाये किराया भुगतान और प्रशासनिक भवन को मुक्त कराए जाने के लिए आवश्यक निर्देश शिक्षा पदाधिकारी और जिला कौशल पदाधिकारी को दिया गया। जिला के क्षतिग्रस्त/जर्जर विद्यालय भवन को कण्डम घोषित एवं रद्दीकरण हेतु संकल्प के आधार पर कमिटी का गठन करने और कण्डम एवं रद्दीकरण हेतु बैठक कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का निदेश कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमण्डल, लोहरदगा को दिया गया। साथ ही, जिला शिक्षा पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि जिन विद्यालयों का भवन जर्जर है उन विद्यालयों को नजदीकी विद्यालय/भवन में शिफ्ट किए जाने का कार्य किया जाए। कैरो पंचायत एवं प्रखंड कार्यालय परिसर में पेयजल की उपलब्धता हेतु आवश्यक प्राक्कलन बनाये जाने का निदेश कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमण्डल, लोहरदगा को दिया गया। साथ ही कैरो प्रखण्ड सह-अंचल कार्यालय व पदाधिकारियों व कर्मियों के आवास की मरम्मति की योजना का प्रस्ताव तैयार कराने व स्वीकृति लिये जाने का निदेश कार्यपालक अभियंता ग्रामीण विकास विशेष प्रमण्डल, लोहरदगा को दिया गया। सदर अंचल में कला केंद्र हेतु उपलब्ध कराये गये भूमि की व्यवहार्यता देखे जाने का निर्देश जिला खेल पदाधिकारी को दिया गया। साथ ही, जिला से गुजरनेवाले राष्ट्रीय व राजकीय राजमार्गों पर वेयसाइज एमेनिटी के विकास हेतु आवश्यक भूमि चिन्हित करने का निदेश अंचल अधिकारी कुडू, सेन्हा एवं भण्डरा को दिया गया।

