भास्कर न्यूज|लोहरदगा जिलेभर में बीते सप्ताह बारिश से राहत मिली थी। परंतु बीते एक सप्ताह से चिलचिलाती धूप और तेज गर्मी से उत्पन्न होने वाली उमस का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। खासकर उमस से लोग सबसे अधिक परेशान है। अभी आगे विभाग द्वारा बताया गया कि तीन दिनों तक बारिश का आसार बना रहेगा। इस बीच उमस भी रहेगी। मौसम कूल होने के बाद से पारा 33 से 34 डिग्री पर बना है। परंतु विभाग द्वारा बताया गया है कि आगे तीन दिनों बाद एक बार फिर जिले का अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री पार भी जा सकता है। 18 जून से एक बार मौसम बदलाव होने पर बारिश होने का अनुमान जताया गया हैं। ऐसे में प्री मानसून के भी दस्तक की बात कही जा रही है। इधर खासकर उमस से लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी है। सदर अस्पताल में रूटिंग मरीजों की संख्या बढ़ी है। सामान्य दिनों में 100 से 150 की संख्या में रूटीन मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, परंतु बीते एक सप्ताह में एक बार फिर मरीजों की संख्या बढ़ी है। 300 से 350 मरीज प्रतिदिन इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। सदर अस्पताल सहित निजी अस्पताल में भी मरीज पहुंच रहे हैं। जिसमें खासकर उल्टी, बुखार और डिहाइड्रेशन से जुड़े मरीज शामिल रह रहे है। उसमें भी मरीजों में बच्चे, बुजुर्ग ज्यादा शामिल है। इसके अलावा दवा दुकानों में भी मरीजों की भीड़ लग रही है।

