Monday, June 8, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

भवानीपुर में जर्जर तारों के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन:विभाग पर लापरवाही का आरोप, कनीय अभियंता का दिया समाधान का भरोसा


पूर्णिया जिले के भवानीपुर नगर पंचायत क्षेत्र में जर्जर बिजली तारों और बदहाल विद्युत व्यवस्था के विरोध में सोमवार को महिलाओं ने बिजली विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व वार्ड संख्या 12 के पार्षद और स्थायी सशक्त समिति सदस्य मनीष महतो ने किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जर्जर तारों को जल्द बदलने और बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की। महिलाओं ने बताया कि नगर पंचायत के कई वार्डों में वर्षों पुराने बिजली के तार नहीं बदले गए हैं। कई स्थानों पर तार नीचे झूल रहे हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कुछ जगहों पर चिंगारी निकलने और आग लगने की घटनाएं भी सामने आई हैं, लेकिन विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। मनीष महतो ने कहा कि बिजली के खंभे और तार अपनी अवधि पूरी कर चुके हैं। बरसात और तेज हवा के दौरान हादसों की आशंका बनी रहती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी विभाग की होगी। वार्ड संख्या पांच के पार्षद पति मनीष कुमार भगत ने बताया कि सर्वोदय आश्रम चौक के पास अधिक लोड के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार जल जाता है। उन्होंने क्षेत्र में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान जब महिलाएं बिजली विभाग कार्यालय पहुंचीं, तो उन्हें कार्यालय में ताला लगा मिला। बिजली विभाग के कोई भी कर्मी वहां मौजूद नहीं थे। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। प्रदर्शनकारियों ने विभागीय अधिकारियों पर उपभोक्ताओं की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। इस मामले पर कनीय विद्युत अभियंता दशरथ मंडल ने फोन पर बताया कि संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण कर जर्जर तारों और अन्य समस्याओं का आकलन किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि चार दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई कर बिजली व्यवस्था में सुधार का प्रयास किया जाएगा।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles