बोकारो | बियाडा क्षेत्र में अपने नाना-नानी के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा 13 वर्षीय छात्र प्रतीक गुप्ता शनिवार को रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। परिजनों ने बताया कि वह सुबह ट्यूशन जाने की बात कहकर घर से निकला था। खोजबीन के दौरान पुलिस ने बोकारो रेलवे स्टेशन के वीआईपी गेट के समीप उसकी साइकिल बरामद की। इससे परिजनों को आशंका हुई कि वह रेलवे स्टेशन की ओर गया होगा। प्रतीक के चाचा सुमन गुप्ता ने बताया कि बच्चे की मां दिल्ली में रहती है, जबकि पिता वर्तमान में जेल में है। दोस्तों से पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि वह पिछले एक-दो दिनों से दिल्ली जाने की बात कर रहा था। फिलहाल पुलिस तलाश में है।


